
Uttarpradesh: मऊ : मिली जानकारी के अनुसार बेटे का जन्मदिन मनाने को घर की सफाई कर रही युवती की उसके देवर ने हत्या कर दी। घटना के समय मौके पर पहुंची पड़ोस की किशोरी को भी कुल्हाड़ी से वार कर घायल कर दिया। अंत में खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। घटना मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे मधुबन थाना क्षेत्र के धर्मपुर विशुनपुर ग्राम पंचायत के लिलहवा मजरे की है। युवक ने घटना को क्यों अंजाम दिया, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है।
गांव के लोगों के अनुसार अविवाहित था इंद्रजीत
अपने ही देवर इंद्रजीत यादव (23) के हाथों मौत के घाट उतारी गयी प्रतिमा यादव (31) लिलहवा निवासी सतेंद्र यादव की पत्नी थी। परमहंस यादव के चार पुत्रों में इंद्रजीत तीसरे नंबर पर था। वह अविवाहित था। उससे बड़ा भाई अमरजीत यादव डेढ़ साल पहले जहर खाकर खुदकुशी कर लिया था।
कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार
प्रतिमा के एकलौते पुत्र प्रांजल का मंगलवार को जन्मदिन था। बर्थडे मनाने के लिए घर की सफाई कर रही थी। इसी दौरान वहां हाथ में कुल्हाड़ी लिए इंद्रजीत पहुंचा। उसने प्रतिमा के ऊपर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। हमला होते ही चिल्लाने की आवाज सुनकर दौड़ते हुए आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आते देख इंद्रजीत मौके से भाग निकला। रास्ते में उसने पड़ोसी अंशिका यादव (16) पुत्री सुभाष यादव को भी कुल्हाड़ी से मारकर घायल कर दिया।
घर पर नहीं थे परिजन
घटना के समय इंद्रारजीत के भाई, पिता व परिजन घर पर नहीं थे। ग्रामीण घायल युवती व किशोरी को फतहपुर मंडाव सीएचसी ले आये। यहां से प्रतिमा को रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उधर इंद्रजीत कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर झूल गया। जब तक लोग कमरे में जाते वह मौत के आगोश में समा चुका था। इस घटना से सभी स्तब्ध हैं। मधुबन थानाध्यक्ष सौरभ कुमार राय का कहना है कि दोनों शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है। घटना की वजह का पता लगाया जा रहा है।