
वाराणसी: दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की बड़ी बहन प्रियंका सिंह ने अपने परिजनों के साथ बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। बाबा से उन्होंने अपने भाई की आत्मा की शांति और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रार्थना की। वह राजेंद्र प्रसाद घाट पर गंगा आरती में भी शामिल हुईं। उन्होंने सरकार से सुशांत को न्याय दिलाने के लिए गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के आशीर्वाद से हमारे भाई को न्याय जरूर मिलेगा। हम काशी से अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए महाअभियान की शुरुआत कर रहे हैं
राजेंद्र प्रसाद घाट पर सुशांत सिंह राजूपत की तस्वीर के नीचे महाअभियान लिखा हुआ बैनर रखा गया था। राजेंद्र प्रसाद घाट पर प्रियंका सिंह ने कहा कि उन्हें CBI पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि CBI मुकदमे के 6 आरोपियों के खिलाफ बहुत जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी।
प्रियंका ने कहा कि हम काशी इसलिए आए हैं कि सुशांत को न्याय दिलाने के हम महाअभियान की शुरुआत करें। सुशांत महादेव के बहुत बड़े भक्त थे। हमने गंगा किनारे घाट पर बैठ कर महादेव के साथ ही सुशांत को भी याद किया। महादेव और मांग गंगा से प्रार्थना की कि हमारा भाई जहां भी हो अच्छे से हो। हम उसे न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ते रहेंगे और कभी पीछे नहीं हटेंगे।
पटना में जन्मे पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे सुशांत सिंह राजपूत दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मेधावी छात्रों में से एक थे। टेलीविजन धारावाहिकों से अपने कैरियर की शुरुआत करने वाले सुशांत 14 जून, 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट पर मृत पाए गए थे।