
जालंधर। कमिश्ररेट पुलिस (Police) के स्पैशल आप्रेशन यूनिट (सी.आई.ए-2) की टीम ने 20 ग्राम हैरोइन, 2 किलो गांजा तथा चोरी की एक्टिवा समेत 3 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। सी.आई.ए.-2 के प्रभारी इंस्पैक्टर इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में ए.एस.आई. निशान सिंह द्वारा पटेल चौक से काबू किए गए 26 साल के राहुल शर्मा पुत्र राकेश शर्मा निवासी संत नगर नजदीक टंकी वाली पार्क जालंधर से चोरी की एक्टिवा बरामद करते हुए उसके खिलाफ थाना डिवीजन नम्बर-2 में एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। आरोपी बी.ए. की पढ़ाई के दौरान नशे का आदी होने के कारण वह चोरियां करने लग पड़ा
इसी तरह ए.एस.आई. मोहन सिंह द्वारा बी.एस.एफ. चौक के नजदीक लाडोवाली रोड़ से गिरफ्तार किए गए आरोपी 54 साल के बलदेव राज पुत्र हंस राज निवासी लम्मा पिंड जालंधर से 20 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है। आरोपी पहले टैक्सी चलाता था। काम में मंदी होने के कारण दो महीने से हैरोइन बेचने लग पड़ा। उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत थाना नई बारांदरी में एफ.आई.आर. दर्ज की गई है।
तीसरे आरोपी विक्रम पुत्र रमेश कुमार निवासी धक्का कालोनी थाना-2 पठानकोट को एस.आई. राज कुमार ने सर्विस रोड अंडर ब्रिज नजदीक वेरका मिल्क प्लांट जालंधर मकसूदां बाईपास से दबोचा गया। 22 साल के विक्रम से सी.आई.ए-2 की टीम ने 2 किलो गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नम्बर-1 में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत एफ.आई.आर. नम्बर 69 दर्ज की गई है। सी.आई.ए.-2 के ए.एस.आई. सुखदेव सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है ताकि उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों को ट्रेस किया जा सके।