
Crime News: बिलासपुर। शराब के नशे में युवक ने राह चलते वृद्ध से गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर उसने वृद्ध पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। रतनपुर क्षेत्र के कुम्हड़ाखोल में रहने वाले घासीराम यादव(80) वर्ष अकेले रहते थे। गांव में रहने वाले दूर के रिश्तेदार उनकी देखभाल करते थे। बुधवार की दोपहर वे लहूलुहान हालत में अपने पड़ोसी दादूराम में घर पहुंचे
घर के दरवाजे पर ही वे बेहोश होकर गिर पड़े। पड़ोसी ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को देकर घायल को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर गुस्र्वार की सुबह पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में धारदार हथियार से हमला कर हत्या की जानकारी मिली।
इस बीच पुलिस की टीम गांव में जाकर पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में पता चला कि वृद्ध बुधवार की दोपहर अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में मोहल्ले में रहने वाला शिवकुमार यादव(32) मिला। वह शराब के नशे में था। शिवकुमार ने वृद्ध से गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर उसने वृद्ध पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके कारण उनकी मौत हो गई। मामले में पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है
पुलिस को पूछताछ के दौरान पता चला कि वृद्ध ने सात शादियां की थीं। इससे उसे कोई संतान नहीं हुई। उनकी पत्नियों की भी मौत हो चुकी है। वे गांव में अकेले रहते थे। दूर के रिश्तेदार उनकी देखरेख करते थे। उनकी मौत के बाद शव रिश्तेदारों को सौंपा गया है। देर शाम उनका गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया